सुपरमैन बन ऋषभ पंत ने पकड़ा ओली पोप का कैच
नई दिल्ली
भारत और इंग्लैंड के बीच चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच खेला जा रहा है। टेस्ट के दूसरे दिन टी ब्रेक तक टीम इंडिया ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। इंग्लैंड की टीम ने 100 का स्कोर पार करने में अपने आठ विकेट गंवा दिए हैं और टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। मोहम्मद सिराज ने भारत की सरजर्मी पर फेंकी गई अपनी पहली ही गेंद पर ओली पोप को पवेलियन की राह दिखाई। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने लेग साइड की तरफ हवा में डाइव लगाते हुए शानदार कैच पकड़ा, जिसको लेकर ट्विटर पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है।
इंग्लैंड की टीम 87 रनों पर पांच विकेट गंवाकर मुश्किल में थी और बेन फोक्स और ओली पोप मिलकर टीम को इस स्थिति से निकालने की कोशिश कर रहे थे। कप्तान विराट कोहली ने 39 ओवर फेंकने के लिए मोहम्मद सिराज को गेंदबाजी के लिए बुलाया। सिराज की पहली ही गेंद को थोड़ा बाउंस मिला और बॉल ओली पोप के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए विकेट के पीछे गई, पंत ने अपने बाईं तरफ हवा में डाइव लगाते हुए शानदार कैच पकड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पंत के इस कैच की फैन्स जमकर तारीफ कर रहे हैं।
इससे पहले, भारत की टीम पहली पारी में 329 रन बनाकर ऑलआउट हुई, विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने अच्छी बल्लेबाजी की और 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड की तरफ से मोईन अली ने चार विकेट झटके, जबकि ओली स्टोन ने तीन भारतीय बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। टीम इंडिया ने इस मैच में अपने प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को शाहबाज नदीम, बुमराह और वॉशिंगटन सुंदर की जगह पर टीम में शामिल किया गया है।

पाठको की राय